रात में मच्छरों ने सोने नहीं दिया तो चंदौली सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह ने बिजली उपकेंद्र में जड़ा ताला - ripe news

Vishal Dubey
0
बिजली आपूर्ति इन दिनों लड़खड़ा गई है। रात में भी लोगों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही है। पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू को भी शुक्रवार की रात बगैर बिजली के गुजारनी पड़ी। रात भर मच्छरों ने काटकर नींद हराम की तो उनका गुस्सा भड़क गया। शनिवार की सुबह सेरुका उपकेंद्र पहुंचकर ताला जड़ दिया। इसके बाद चाबी ले जाकर कोतवाली में रखवा दी। इससे बिजली विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों में खलबली मच गई। एसडीओ प्रशांत कुमार भागकर मौके पर पहुंचे।

उन्होंने समझाकर पूर्व विधायक को शांत कराया। इसके बाद उपकेंद्र का ताला खुल सका। पूर्व विधायक ने कहा, सपा के शासनकाल में सेरुका में बिजली उपकेंद्र का निर्माण कराया गया था। भाजपा के शासनकाल में यहां दुर्व्यवस्था का आलम है। यहां न तो कोई अधिकारी-कर्मचारी नियमित तौर पर रहता है औ न ही इसको सही ढंग से संचालित करने के लिए कर्मी है। पूरी व्यवस्था भगवान भरोसे चल रही है। बिजली बिल को बढ़ाकर अब दोगुना कर दिया गया है।

बकाएदारों के खिलाफ विभाग सख्ती कर रहा है। उनके खिलाफ आरसी और नोटिस जारी हो रही है। वहीं बिल जमा न करने वालों को जेल जाना पड़ रहा। लोग किसी तरह इंतजाम कर बिजली बिल चुका रहे हैं, लेकिन उन्हें जरूरत के समय बिजली नहीं मिल रही है। बताया कि मेरे इलाके की बिजली रात में कटी रही। मच्छरों ने काटकर परेशान कर दिया। बिजली विभाग के अधिकारियों को सबक सिखाने और जनता के हित में बार-बार कानून तोड़ूंगा। बिजली आपूर्ति सुचारू न होने पर लोग उपकेंद्रों पर ताला जड़ने का काम करें। एसडीओ ने बताया कि कोयले की कमी की वजह से बिजली का उत्पादन प्रभावित है। इस समय ऊपर से ही कम सप्लाई मिल रही है। इससे कटौती हो रही है। जल्द ही आपूर्ति सुचारू हो जाएगी। बिजली आपूर्ति ठीक से नहीं होने से लाेगों को काफी दिक्‍कतों का सामना करना पडा रहा है।

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top