वाराणसी में BHU के सर सुंदरलाल अस्पताल के सिटी स्कैन सेंटर में कार्यरत युवती को छेड़ने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने पकड़ लिया है। इन लोगों ने बीते रविवार को युवती से छेड़खानी की विरोध पर पिस्टल तान दी थी। आरोपी के नाम सुंदरपुर सरायनंदन के शुभम यादव और उसके दोस्त बिहार के चंपारण निवासी उज्ज्वल कुमार के तौर पर हुई है। पुलिस पूछताछ में शुभम ने बताया कि एक बार उससे कहा था कि वह उसे प्यार करता है, लेकिन उसने साफ इनकार कर दिया।
दी थी जान से मारने की धमकी
सुंदरबगिया क्षेत्र की एक युवती BHU अस्पताल के सिटी स्कैन सेंटर में काम करती है। प्यार का प्रपोजल ठुकराने पर घर से अस्पताल जाते समय वह रास्ते में शुभम उसे रोजाना परेशान करता था। 10 अक्टूबर की शाम वह सिटी स्कैन सेंटर में काम कर रही थी तो शुभम अपने एक दोस्त के साथ आया और उससे छेड़खानी करने लगा। विरोध करने पर शुभम ने पिस्टल निकाल कर जान से मारने की धमकी दी। अस्पताल के स्टाफ बीचबचाव करने आए तो शुभम ने उन्हें भी पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। दोनों के पास से .32 बोर की देसी पिस्टल, 2 कारतूस, 2 मोबाइल और एक बाइक मिला है। दोनों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने नहीं दर्ज किया था मुकदमा
युवती ने बताया कि वह शुभम की करतूत से सहम गई थी। परिजनों को जानकारी देकर वह उनके साथ लंका थाने गई तो उसे पुलिस ने कहा कि तुम और आरोपी सुंदरपुर क्षेत्र के रहने वाले हो। चितईपुर थाने जाकर मुकदमा दर्ज कराओ। चितईपुर थाने जाने पर पुलिस ने घटनास्थल लंका थाना अंतर्गत आता है, इसलिए वहां जाकर मुकदमा दर्ज कराएं। काफी चक्कर काटने के बाद भी लंका थाने की पुलिस ने मुकदमा नहीं दर्ज किया।
युवती ने बताया कि सोमवार की दोपहर बाद सोशल मीडिया के माध्यम से उच्चाधिकारियों को घटना की जानकारी हुई। तो इंस्पेक्टर लंका वेद प्रकाश राय हरकत में आए। इसके बाद BHU चौकी प्रभारी दीपक कुमार, नगवा चौकी प्रभारी प्रभाकर सिंह और संकटमोचन चौकी प्रभारी गौरव उपाध्याय ने अस्पताल के CCTV कैमरे की फुटेज की मदद से आरोपी को चिह्नित कर उसकी तलाश शुरू की। मंगलवार को शुभम अपने दोस्त के साथ सामने घाट क्षेत्र से पकड़ लिया गया।


