Foundation stone in Gorakhpur: गोरखपुर शहर को एक बार फिर बड़ी विकास योजनाओं की सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद नगर निगम ने 9.50 अरब से ज्यादा की विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास की तैयारी शुरू कर दी है। इनमें तकरीबन 6.50 अरब रुपये सीवर लाइन पर खर्च होने जा रहे हैं। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय क्षेत्र में सीवर लाइनों का लोकार्पण होगा तो सूरजकुंड क्षेत्र में दो अरब 30 करोड़ रुपये से सीवर लाइन बिछाए जाने के कार्य का शिलान्यास होगा। सूरजकुंड क्षेत्र में 10 एमएलडी का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट भी स्थापित किया जाएगा। इससे इस इलाके के सीवर का निस्तारण तो हो ही जाएगा राप्ती और रोहिन नदियों में गंदा पानी नहीं जा पाएगा।
तेजी से चल रहा है सीवर लाइन का काम
गोरखपुर शहर में लगातार विकास की योजनाओं पर काम चल रहा है। सड़क-नाली के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सीवर लाइनों को बिछाने का काम तेजी से पूरा कराने के निर्देश दिए थे। अब नगर निगम ने सूरजकुंड क्षेत्र में सीवर लाइन बिछाने के कार्य की शुरुआत का निर्णय लिया है। जल निगम के साथ इस कार्य को पूरा कराया जाएगा। पिछले दिनों शासन ने इसके लिए 2 अरब 30 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया था। अब रुपये मिलने वाले हैं।
