वाराणसी के मकबूल आलम रोड पर इस समय डेढ़ घंटे से जाम लगा हुआ है। सैकड़ों की गाड़ियां एक लाइन में लगी जहां की तहां खड़ी हो गईं हैं। अर्दली बाजार से लेकर चौकाघाट और अंधरापुल से लेकर नदेसर तक पूरी सड़क जाम की शिकार हो गई। आने जाने वाले लोग काफी हलकान हो गए। इस दौरान PAC की एक ट्रक गलत साइड से घुस गई, तो पूरे सड़क पर कारों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। इसके बाद पूरे 5 किलाेमीटर के रेंज में भयानक जाम की स्थिति बन गई।
वहीं एंबुलेंस, स्कूली वाहन और पुलिस फोर्स के भी वाहन फंसे रहे और घंटा भर टस से मस तक नहीं हो सके। इस ट्रैफिक जाम में फंसे एक शहरी ने बताया कि पांडेयपुर फ्लाईओवर से 3 किलाेमीटर दूर चौकाघाट तक आने में डेढ घंटे से ज्यादा समय लग रहा है। इस दौरान जौनपुर, आजमगढ़, गाजीपुर की ओर जाने वाला रास्ता पूरी तरह से ब्लॉक हो गया। वहीं दशहरा की छुट्टी के बाद सोमवार को ऑफिस और संस्थान खुल जाने से लोगों की एकाएक भीड़ सड़कों पर बढ़ गई है। सबसे जरूरी बात कि ट्रैफिक पुलिस के सिपाही और अधिकारी भी मौके से नदारद रहे।


