जालौन में तमंचे के दम पर 4 युवकों ने घर में अकेली महिला के साथ गैंगरेप किया। महिला ने परिजनों के साथ मिलकर कोतवाली में शिकायत की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर महिला को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है। साथ ही आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
घर पर बच्चे के साथ थी महिला
मामला उरई कोतवाली के चौरसी मोड़ का है। मोड़ के पास रहने वाली एक महिला सोमवार रात घर पर अपने बच्चों के साथ अकेली थी। तभी उसके घर में पास के ही रहने वाले 4 युवक दीवार कूदकर घुस आए। उन्होंने महिला को अकेला देखकर उसको पकड़ लिया और उसका रेप कर दिया। जब महिला ने शोर मचाना चाहा तो उन युवकों ने महिला को तमंचा दिखा दिया।
घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी उसको धमकी देकर भाग गए। घटना की जानकारी महिला ने पति को दी। सूचना मिलने पर उसका पति काम छोड़कर रात में घर पहुंचा। महिला के पति ने रात में ही पुलिस को मामले की सूचना दी। उरई कोतवाली की पुलिस मौके पर पहुंची।
पति और सास दोनों थे घर के बाहर
पीड़िता ने बताया कि उसका पति एक ढाबे पर काम करता है। उसकी सास शादी समारोह में गई हुई थीं। रात में वो अकेली थी, तभी पड़ोस के रहने वाले 4 लोगों ने वारदात को अंजाम दिया। उसने बताया कि 2 आरोपी तमंचा लेकर अंदर आ गए और दो आरोपी बाहर खड़े रहे। आरोपी उसके मुहल्ले के ही हैं, लेकिन वो उनके नाम नहीं जानती। चारों आरोपी कई दिनों से मुहल्ले में चक्कर लगा रहे थे।
