सपा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव गोरखपुर में पुलिस पिटाई से मारे गए कानपुर के प्रापर्टी डीलर मनीष गुप्ता के परिजनों से आज मुलाकात करेंगे। अखिलेश अपने काफिले के साथ लखनऊ से कानपुर के लिए रवाना हो गए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री के पहुंचने की सूचना पर सपाइयों का मनीष के आवास पर जमावड़ा लग गया है। उधर, पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ा दी है।
प्रापर्टी डीलर मनीष गुप्ता की गोरखपुर में एक होटल में पुलिस की पिटाई से मौत हो गई थी। गुरुवार सुबह उनका अंतिम संस्कार किया गया। सपा नेताओं ने बुधवार को मुआवजे और हत्यारोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया था। सपा नेताओं ने बुधवार को पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव से फोन पर बात कराने की कोशिश की थी लेकिन बात नहीं हो सकी थी। गुरुवार सुबह सपा अध्यक्ष खुद ही कानपुर के लिए रवाना हो गए हैं। वहीं, अन्य सपा नेता पीड़ित परिवार के घर पहुंचने शुरू हो गए हैं। सपा की चार सदस्यीय टीम भी 11 बजे पीड़ित परिवार से मुलाकात करेगी और घटना की रिपोर्ट पार्टी अध्यक्ष को सौंपेगी।
