यूपी की योगी सरकार में बाहुबलियों पर शिकंजा कसने का सिलसिला जारी है। भदोही की ज्ञानपुर सीट से विधायक विजय मिश्र और उनके कुनबे पर शिकंजा कसा जा रहा है। अब विधायक की दो बेटियों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज हो गया है। विधायक व उनकी अधिवक्ता पुत्री रीमा पांडेय, सीमा मिश्रा, भतीजे प्रकाश चंद्र मिश्रा, विकास मिश्रा, कर्मचारी गिरधारी प्रसाद पाठक, हनुमान सेवक पांडेय के खिलाफ जालसाजी का मुकदमा दर्ज किया गया है। विधायक के रिश्तेदार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज हुआ है।
गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के धनापुर निवासी ज्ञानपुर विधायक के रिश्तेदार कृष्णमोहन तिवारी ने आरोप लगाया है कि विजय मिश्रा व उनकी बेटी समेत अन्य लोगों ने उनके नाम की दर्जनों गाड़ियों को हड़प लिया है। उन लोगों के द्वारा जबरिया वाहनों का उपयोग किया जा रहा है। इसको संज्ञान में लेते हुए गोपीगंज पुलिस ने विधायक सहित सात लोगों पर मुकदमा दर्ज किया।
