थाना दक्षिण टोला क्षेत्र अंतर्गत प्यारेपुरा स्थित एक मकान के शौचालय की टंकी तोड़कर पुलिस टीम ने बुधवार को अवैध शस्त्र बनाने की मशीन एवं भारी मात्रा में उपकरण बरामद किया। पुलिस ने यह कार्रवाई गिरफ्तार छह आरोपितों को रिमांड पर लिए जाने के दौरान उनकी निशानदेही पर की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने अवैध असलहा बनाने में प्रयोग होने वाले 32 लोहे की पिठिया, 8 लोहे की बाडी, 17 बैरल, 29 स्लाइडर, 20 लोहे का मटेरियल, विद्युत मोटर, बड़ी मिलिंग मशीन, छोटी डिलिंग मशीन बरामद की।
एक सप्ताह पूर्व एसटीएफ बिहार, एसटीएफ गोरखपुर एवं मऊ पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के दो स्थानों थाना दक्षिण टोला के मुहल्ला प्यारेपुरा एवं शहर कोतवाली के मुहल्ला रघुनाथपुरा में छापेमारी करते हुए अंतर्राज्यीय अवैध शस्त्र फैक्ट्री का पर्दाफाश किया था।
इस दौरान पुलिस टीम ने अवैध शस्त्र निर्माण में शामिल 9 आरोपितों को भी गिरफ्तार किया था। इस दौरान पुलिस टीम ने सैकड़ों की संख्या में अर्धनिर्मित पिस्टल, तमंचा, शस्त्र बनाने के उपकरण का जखीरा बरामद किया था।
पुलिस अधीक्षक सुशील घुले ने बताया कि अवैध शस्त्र निर्माण के मामले में न्यायिक अभिरक्षा में निरुद्ध छह आरोपितों तनवीर आलम, मो. रिजवान अंसारी, मो. रिजाउल हक, मो. खालिद, मो. लियाकत अली, मो. परवेज आलम न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर पुलिस अभिरक्षा में लेते हुए कड़ी पूछताछ किया गया था।
