प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के गांव मूसेपुर में मंगलवार को दोपहर 12 बजकर 20 मिनट पर राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय और डिफेंस कारिडोर की आधारशिला रखेंगे। इससे पहले सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तैयारियों का जायजा लिया। समारोह में आगरा-अलीगढ़ मंडल के करीब डेढ़ लाख लोगों के शामिल होने की संभावना है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार दोपहर वायुसेना के हेलीकाप्टर से कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। 12 बजकर 20 मिनट पर मंच से ही बटन दबाकर राज्य विश्वविद्यालय व डिफेंस कारिडोर का शिलान्यास करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री 37 मिनट तक लोगों को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री का यहां एक घंटे रुकने का कार्यक्रम है।
