छोटे लोहिया के नाम से विख्यात पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय जनेश्वर मिश्र की जयंती पर समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश में गुरुवार को भव्य आयोजन किया है। समाजवादी पार्टी पार्टी उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के खिलाफ प्रदेश के हर जिले में साइकिल रैली कर रही है। इसके साथ ही जनेश्वर मिश्र की जन्मभूमि बलिया में समाजवादी पार्टी का प्रबुद्ध वर्ग का सम्मेलन भी है। बलिया में जनेश्वर मिश्रा के घर शुभनथही से प्रबुद्ध जन सम्मेलन होगा।लखनऊ में समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने साइकिल रैली को रवाना करने के साथ ही उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव 2022 के प्रचार के लिए नया नारा ''यूपी का यह जनादेश, आ रहे हैं अखिलेश" भी जारी किया। अखिलेश यादव ने कार्यालय में मीडिया को भी संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के नेता तथा कार्यकर्ता जनेश्वर मिश्र के रास्ते पर है। आज प्रदेश में जगह-जगह साइकिल यात्रा निकाली जा रही है। जिससे कि प्रदेश के हर कोने का हाल जान सकें। उन्होंने कहा कि हम उत्तर प्रदेश को विकास की राह पर लाए थे और अब उसको आगे ले जाएंगे।
