अमरोहा के हसनपुर रहरा मार्ग पर शुक्रवार सुबह टेंपो की चपेट में आकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद टेंपो पलट गया, जिसमें टेंपो चालक समेत कई यात्री जख्मी हुए हैं। घटना के बाद से परिवार के लोग के बदहवास हैं।
रहरा थाना क्षेत्र के गांव पथरा निवासी जीशान बाइक से हसनपुर से अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में कुटी दौलतपुर के नजदीक विपरीत दिशा से आए टेंपो से उनकी टक्कर हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस घायलों को लेकर हसनपुर अस्पताल पहुंची, चिकित्सक ने जीशान को मृत घोषित कर दिया। उधर टेंपो चालक इस्लामुद्दीन निवासी गंगवार समेत कई यात्रियों के चोटें आई हैं। इस्लामुद्दीन की हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर किया गया है। प्रभारी निरीक्षक संजय तोमर ने बताया कि मामला संज्ञान में है, जांच की जा रही है।
हादसे में बाइक सवार घायल : अमरोहा के बछरायूं में सड़क पर दौड़ रही ई-रिक्शा ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहा युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पुलिस ने सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना गजरौला मार्ग की है। यहां गांव कुम्हारपुरा के निकट अज्ञात ई-रिक्शा ने विपरीत दिशा से आ रही बाइक में टक्कर मार दी। जिस कारण बाइक सवार गौरव बंसल निवासी मुहल्ला अट्टा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है। थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह ने बताया कि ई रिक्शा की टक्कर से मंडी धनौरा निवासी गौरव गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे सरकारी अस्पताल भेजा गया है।
