गोरखनाथ मंदिर के हिंदू सेवाश्रम में कतारबद्ध् होकर बैठे करीब 100 फरियादी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। इस आस के साथ कि जब वह अपनी समस्या मुख्यमंत्री से सीधे मिलकर कहेंगे तो समाधान निश्चित होगा। मुराद पूरी हुई। इस बीच जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायतें मिलने से सीएम ने अधिकारियों को सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। गुरुवार की सुबह की नियमित दिनचर्या के बाद मुख्यमंत्री जनता दर्शन के लिए हिंदू सेवाश्रम पहुंचे और बारी-बारी से लोगों की फरियाद सुननी शुरू की। शुरुआत से ही उनके सामने तरह-तरह से भूमि कब्जा करने की शिकायतें आने लगी। मुख्यमंत्री ऐसा न होने देने के लिए सभी फरियादियों को आश्वस्त करते रहे।कहा, माफिया को चिन्हित करके कड़ी से कड़ी कार्रवाई करें
इसी क्रम में महादेव झारखंडी रानीडीहा की एक महिला बिंदू देवी ने उन्हें बताया कि ओमप्रकाश पांडेय नाम के एक एक भू-माफिया ने अपने सहयोगियों और तहसील कर्मचारियों की मिली भगत से उनकी जमीन फर्जी तरीके से बेच दी और उसके बाद जमीन के पैसे भी नहीं दे रहा। अपनी शिकायत के पक्ष में जैसे ही उसने मुख्यमंत्री के सामने कागजात पेश किए, वह बिफर पड़े। तमतमा कर पास खड़े अधिकारियों से बोले, कहां से आ गए हैं, इतने भू-माफिया। आप लोग कुछ करते क्यों नहीं। ऐसे माफिया को चिन्हित करके कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करिए। ओमप्रकाश पांडेय के खिलाफ जब उन्हें कई मुकदमे के बाद भी कार्रवाई न होने की जानकारी बिंदू देवी ने दी तो उन्होंने कमिश्नर से नाराजगी जताते हुए सवाल किया कि जिसपर इतने मुकदमे हैं, वह बाहर कैसे हैं? मुख्यमंत्री की गुस्सा देख अधिकारी सकते में आ गए और विश्वास दिलाया कि तत्काल कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने बारी-बारी से सभी फरियादियों की समस्या सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया। जनता दर्शन से उनके जाने के बाद बाकी फरियादियों का समस्या पत्र अधिकारियों ने लिया।
