क्वार्सी क्षेत्र में बदमाश रोजाना लूटपाट की वारदातों को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं। अब तक इलाके में लूटपाट की कई घटनाएं हो चुकी हैं। जिनमें से किसी का पुलिस अब तक राजफाश नहीं कर सकी है। इससे लोगों में भय का माहौल है।
लूट कर ऐसे भागे थे बदमाश
अनूपशहर रोड के चांद मस्जिद धौर्रा निवासी मोहम्मद सऊद नोयडा में एक निजी कंपनी में काम करते हैं। ईद पर घर आए हुए थे। दोपहर के वक्त वे पत्नी फौजिया परवीन के साथ बाइक से दोदपुर स्थित अपने रिश्तेदार के यहां घूमने गए थे। रात करीब साढ़े नौ बजे दोनों वापस घर जा रहे थे। जैसे ही वे धौर्रा मोड़ पर पीसीओ के सामने पहुंचे तभी बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और पिस्टल दिखाकर मोहम्मद सऊद की जेब में रखे पर्स व दो मोबाइल फोन को लूटकर भाग गए। पीड़ित के अनुसार पर्स में 14 हजार की नकदी व दस्तावेज रखे हुए थे। इसी तरह रामगढ़-पंजीपुर निवासी कमलेश देवी पत्नी चंद्रपाल सिंह शुक्रवार को खेतों से पशुओं का चारा लेने गई थीं। वापसी में बाइक सवार तीन बदमाशों ने कमलेश देवी को घेर लिया और धमकाते हुए पहले मारपीट की और कानों में पहने सोने के कुुंडल छीनकर ले गए। 11 जुलाई को बदमाशों ने एटा बाईपास पर इंजीनियर कालोनी के पास बाइक सवार दंपती से मोबाइल फोन, सोने की चेन आदि सामान लूटकर ले गए। 12 जुलाई को धौर्रा के पास बदमाश बाइक सवार युवक से मोबाइल फोन झपट ले गए। 14 जुलाई को बदांयू के एक किसान से बदमाश 20 हजार रुपये लूटकर ले गए।
