डेंगू के प्रकोप को देखते हुए गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 267 घरों में सर्च अभियान चलाया। इस दौरान सात घरों के कूलर व बेसमेंट में डेंगू के लार्वा पाए गए। इस पर सभी को नोटिस देकर 24 घंटे में ठहरे पानी का निस्तारण कराने का निर्देश दिया गया। ऐसा न करने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा।मलेरिया विभाग ने तारानगर कालोनी, खोजवां, भागवानपुर, छित्तूपुर, पांडेयपुर, निमिया मुगल, सदानंद बाजार, अलईपुर, एकता नगर कालोनी, घुघरानी गली आदि में जहां सोर्स रिडक्शन व दवा का छिड़काव किया गया। वहीं सरायगोवर्द्धन, लहंगपुरा, छित्तूपुर, भगवानपुर, पटेल नगर कालोनी, नवापुरा, राजभर बस्ती आदि में फागिंग कराई गई। जिला मलेरिया अधिकारी शरद चंद्र पांडेय के मुताबिक पांच अगस्त को दो लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई, जिनमें से एक साकेत नगर और दूसरे ककरमत्ता के निवासी हैं। जिले में अब पुष्ट डेंगू मरीजों की संख्या 10 हो गई है।
