वेतन रोकने और अन्य कार्रवाई से नाराज नगर निगम के राजस्व विभाग के कर अधीक्षकों और राजस्व निरीक्षकों ने प्रशासन की कार्रवाई के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। हालांकि इसमे कई कर अधीक्षक और राजस्व निरीक्षक शामिल नहीं हुए। नगर निगम मुख्यालय के राजकुमार हाल में बैठक की गई।बैठक में निशाने पर नगर आयुक्त अजय कुमार द्विवेदी थे। हालांकि यह कार्रवाई राजस्व वसूली में लापरवाही बरतने को लेकर की गई थी लेकिन, अचानक बैठक बुलाकर प्रशासनिक निर्णय का विरोध का कुछ और ही कारण दिखाई दे रहा है। चार दिन पूर्व तीन कर अधीक्षकों से जोनल अधिकारी का चार्ज लेकर मूल सीट पर भेज दिया गया था। इस बैठक की अगुआई भी वही कर अधीक्षक कर रहे थे, जिन्हें जोनल अधिकारी के चार्ज से हटा दिया गया था। इसमे जोन तीन से राजेश सिंह, जोन सात से चंद्रशेखर यादव और जोन एक से दिलीप श्रीवास्तव को हटाया गया था। इस बैठक को हवा भी कुछ बड़े अधिकारी दे रहे हैं। पहली बार नगर निगम में इस तरह का मोर्चा राजस्व सेवा के अधिकारियों ने खोला है।
