भाजपा संगठन विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट चुका है। फिर से कमल खिलाने के लिए जनता में सीधी पकड़ बनाने, कार्यकर्ताओं में जोश जगाने और बूथ को मजबूत बनाने का कार्य किया जा रहा है। पुराने चेहरों की समीक्षा की जा रही है, तो नए की तलाश है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी विधायकों का रिपोर्ट कार्ड खंगालेंगे, तो नए चेहरों पर भी चिंतन कर सकते हैं। इसके साथ ही स्थानीय समीकरण और मुद्दों को भी महत्व दिया जाएगा।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष आठ अगस्त को आगरा में संगठनात्मक बैठक करेंगे इसके साथ ही विधायकों और एमएलसी के साथ भी चिंतन प्रस्तावित है। हाल ही में चार जनप्रतिनिधियों के विरुद्ध लापता के पोस्टर लग चुके हैं, जिसमें दो विधायक है। वहीं एक विधायक का विवादित आडियो वायरल हुआ था तो एक विधायक क्षेत्रीय व्यक्ति पर नाराजगी जताते हुए वायरल हुए थे। कई विधानसभा क्षेत्र में असंतुष्ट लोग इंटरनेट मीडिया पर खुलकर बदलाव की मांग कर रहे हैं, तो कुछ सांकेतिक रूप से पोस्ट डाल रहे हैं। इसके साथ ही दूसरे दावेदारों के नाम भी जमकर चर्चाओं में रहते हैं। संक्रमण काल में भी कुछ विधायक तो क्षेत्र से नदारद ही रहे, जिस पर लोगों ने विभिन्न माध्यमों से आक्रोश भी जताया था। संगठन भी आंतरिक रिपोर्ट समय-समय पर मंगाता रहता है, तो मंडलस्तर, सेक्टर स्तर से भी नेतृत्व द्वारा फोन कर जानकारी ली जाती है। राष्ट्रीय अध्यक्ष की संगठनात्मक और विधायकों की बैैठक में विधायकों के रिपोर्ट कार्ड पर विशेष महत्व दिया जाएगा। उनकी क्षेत्र में क्या गतिविधियां है, तो कार्यकर्ता एवं जनता कितनी संतुष्ट है। कोरोना संक्रमण काल में वे कितना जनता के बीच रहे। अगर नहीं तो उसके क्या कारण है। क्षेत्रीय समस्या, विकास के मुद्दों पर कितनी सक्रियता दिखाई और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों की कितनी संख्या बढ़ाई। सूत्रों के अनुसार क्षेत्र के जातिगत समीकरण के आधार पर दूसरे विकल्प पर भी चर्चा होगी तो सभी विधानसभा सीटों पर कब्जा जमाने वाले बिंदुओं पर मंथन कर फिर से परचम लहराने की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
