मऊ के बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी की पत्नी अफ्शां के पिस्टल को कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को मालखाने में जमा करा दिया। लखनऊ में जिस दुकान पर अफ्शां ने पिस्टल काे जमा किया था, वहां से बुधवार को ही पुलिस ने उसे कब्जे में ले लिया था।
एंटी माफिया अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने बीते 27 जुलाई को मुख्तार की पत्नी अफ्शां के पिस्टल के लाइसेंस को निलंबित कर दिया था। डीएम के निर्देश पर इसे जमा कराने के लिए 27 को ही शाम तीन सदस्यीय एक टीम लखनऊ पहुंची। यहां पता चला कि अफ्शां ने पिस्टल को एक दुकान पर जमा कर दिया है। यहां से पुलिस ने बुधवार को पिस्टल को अपने कब्जे में ले लिया और गुरुवार को कोतवाली के मालखाने में जमा करा दिया है। जिले में मुख्तार अंसारी व उसके करीबियों के खिलाफ हो रहे ताबड़तोड़ कार्रवाई से संबंधितों में खलबली मची हुई है। कोतवाल विमल कुमार मिश्रा ने बताया कि पिस्टल को जमा करने के साथ ही इसकी रिपोर्ट जिलाधिकारी को प्रेषित कर दी गई है।
