रेलवे की तरफ पूर्वांचल के व्यवसाइयों का रुझान भी बढऩे लगा है। अब वे भी सड़क की जगह रेलमार्ग से सब्जियां मंगाने लगे हैं। भुसावल के पास निफड स्टेशन से 24 वैगन में 238 टन प्याज लेकर गुरुवार को नकहा स्टेशन पर किसान एक्सप्रेस पहुंची। एक और एक्सप्रेस आने वाली है। मई में किसान एक्सप्रेस की पहली रेक आई थी।
भुसावल से चली थी रेक, रेलवे से अब सब्जियों की आवक भी शुरू
दरअसल, रेलवे बोर्ड ने पिछले साल ही गोरखपुर से पुणे के बीच एक किसान एक्सप्रेस चलाने की घोषणा की थी। लेकिन व्यवसाइयों और किसानों की उदासीनता के चलते घोषणा के बाद भी ट्रेन नहीं चल सकी। लेकिन अब सीमेंट, कोयला, खाद और नमक आदि के बाद व्यवसायी धीरे-धीरे प्याज भी मंगाने लगे हैं। कम समय और लागत में ही प्याज समय से गंतव्य तक पहुंच जा रही हैं। हालांकि, अभी गोरखपुर से सब्जियों व किसानों के अन्य उपज का लदान शुरू नहीं हुआ है।
