यूपीडा पर बड़ा प्रशासनिक फैसला: नंदी से विभाग वापस, अब सीधे मुख्यमंत्री के अधीन रहेगा UPEDA

Vishal Dubey
0



उत्तर प्रदेश सरकार ने एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय लेते हुए उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPEDA) से जुड़े सभी कार्य अवस्थापना विकास अनुभाग को हस्तांतरित कर दिए हैं। इसके साथ ही कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी के पास से यूपीडा का प्रभार हटाकर इसे सीधे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अधीन कर दिया गया है।

शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यूपीडा से संबंधित कार्यों के आवंटन को लेकर विभिन्न अनुभागों के बीच उत्पन्न प्रशासनिक विरोधाभास और फाइलों के निस्तारण में आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। अब यूपीडा से जुड़े सभी विषयों का संचालन अवस्थापना विकास अनुभाग द्वारा किया जाएगा।

गौरतलब है कि हाल ही में यूपीडा में 17 अधिकारियों के तबादलों को भी निरस्त किया गया था, जिसके बाद विभाग को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं। ऐसे में सरकार का यह नया फैसला प्रशासनिक और राजनीतिक दोनों दृष्टियों से अहम माना जा रहा है।

प्रदेश के एक्सप्रेसवे और बड़ी अवस्थापना परियोजनाओं के क्रियान्वयन में यूपीडा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। अब इसके सीधे मुख्यमंत्री के अधीन आने से परियोजनाओं की निगरानी और निर्णय प्रक्रिया में तेजी आने की संभावना जताई जा रही है।


Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top