वाराणसी। पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी के काशी जोन अंतर्गत थाना चितईपुर पुलिस को भूमि विवाद, मारपीट, जानलेवा हमला तथा निर्माणाधीन बाउंड्रीवाल गिराने के मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने लंबे समय से वांछित चल रहे अभियुक्त संतोष यादव को गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले में अभियुक्त को उच्च न्यायालय इलाहाबाद हाईकोर्ट से भी कोई राहत नहीं मिली, जहां उसकी जमानत याचिका और स्टे ऑर्डर की अपील खारिज कर दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अभियुक्त संतोष यादव पुत्र रामराज यादव निवासी विश्वकर्मा नगर कॉलोनी, थाना चितईपुर, वाराणसी ने कुछ दिनों पहले इलाहाबाद हाईकोर्ट में जमानत याचिका तथा स्टे ऑर्डर के लिए अपील की थी। सुनवाई के दौरान न्यायालय ने पुलिस प्रशासन के साथ अभद्र व्यवहार, पत्थरबाजी और कानून व्यवस्था प्रभावित करने जैसी गंभीर गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए उसकी स्टे याचिका रद्द कर दी और जमानत देने से भी इनकार कर दिया। अदालत के इस फैसले के बाद पुलिस कार्रवाई और तेज कर दी गई।
पुलिस उपायुक्त काशी जोन कार्यालय द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन तथा अपर पुलिस उपायुक्त और सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर के पर्यवेक्षण में थाना चितईपुर पुलिस टीम ने यह सफलता प्राप्त की।
बताया गया कि पीड़ित पक्ष ने थाना चितईपुर में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि विपक्षी द्वारा उनकी निर्माणाधीन बाउंड्रीवाल को गिरा दिया गया और ईंट-पत्थरों से हमला कर जान से मारने की कोशिश की गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मुकदमा दर्ज किया और जांच शुरू की।
इस प्रकरण में थाना चितईपुर पर मु0अ0सं0 65/2026 के तहत धारा 191(2), 352, 351(3), 109(1) तथा 324(4) बीएनएस में मुकदमा पंजीकृत किया गया। पुलिस टीम लगातार अभियुक्त की तलाश में जुटी हुई थी। इसी क्रम में मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर 7 मई 2026 को भिखारीपुर पोखरे के पास से संतोष यादव को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की उम्र लगभग 40 वर्ष है और उसके खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी काफी गंभीर बताया जा रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक उसके खिलाफ वर्ष 2025 और 2026 में चितईपुर थाने में कई मुकदमे दर्ज हैं।
अभियुक्त पर दर्ज मामलों में मु0अ0सं0 0078/2026 धारा 64(2) एम, 115(2), 351(3) बीएनएस, मु0अ0सं0 0059/2025 धारा 191(2), 351(2) बीएनएस तथा वर्तमान मुकदमा मु0अ0सं0 65/2026 शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि अभियुक्त लगातार विवादित गतिविधियों में शामिल रहा है और क्षेत्र में कानून व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करता रहा है।
गिरफ्तारी की इस कार्रवाई में थाना चितईपुर के प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार गौतम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके साथ उपनिरीक्षक विवेक शुक्ला, उपनिरीक्षक राकेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक रंजीता यादव, हेड कांस्टेबल कमलेश सिंह तथा हेड कांस्टेबल शेखर आनंद भी शामिल रहे। पूरी टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को दबोच लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है और अन्य संबंधित तथ्यों की भी जांच जारी है। वहीं क्षेत्र में इस गिरफ्तारी के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है। पुलिस प्रशासन ने साफ कहा है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी प्रकार की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।