Varanasi News : कॉलोनाइजर हत्याकांड: IAS बनना चाहते थे महेंद्र...UPSC की परीक्षा भी दी थी, 2000 कैमरे खंगाले गए; 10 टीमें गठित

Vishal Dubey
0
वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र के सिंहपुर स्थित अरिहंत नगर काॅलोनी में कॉलोनाइजर महेंद्र की हत्या मामले में पुलिस अब तक 2000 कैमरे खंगाल चुकी है। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए 10 टीमें गठित की गई हैं।

महेंद्र गौतम से मेरी बहन प्रियंका उर्फ गुड़िया की शादी 22 जून 2007 में हुई थी। तब वे यूपीएससी की तैयारी कर रहे थे परीक्षा में भी बैठे थे। छह साल में दो बार उन्होंने परीक्षा दी थी। दो से तीन बार अटेंप्ट भी क्लियर किए। इसके बाद बात नहीं बनी तो परिवार के समझाने पर खुद का बिजनेस करने की ठानी और प्रॉपर्टी डीलिंग का धंधा शुरू कर दिया।



धीरे-धीरे यह काम पटरी पर आया तो कॉलोनाइजर बन गए। इस धंधे में भी सिविल सर्विसेज की जानकारी इनके बहुत काम आई। वे बहुत ही व्यावहारिक थे। यही कारण था कि उन्हें आगे बढ़ने में कोई दिक्कत नहीं हुई। सभी लोग उनका साथ देते थे, क्योंकि वे साफ बात करते थे, जो सबको पसंद आती थी।
यह कहना है कॉलोनाइजर महेंद्र गौतम के साले पुष्पेंदु गौतम का। महेंद्र की हत्या की सूचना उन्हें गुरुवार को सुबह करीब साढ़े 9 बजे उनकी बहन प्रियंका ने दी थी। इसके बाद उन्होंने दिल्ली से पहली फ्लाइट पकड़ी और बनारस अपनी बहन के घर चले आए। सिंहपुर स्थित आवास पर अपने भाई को देख बहन के साथ भांजा नलिन, भांजी रिदि्धमा और रिम्मी सभी फफक पड़े।
दिल्ली के एक बैंक में मैनेजर के पद पर कार्यरत पुष्पेंदु ने सभी को ढांढस बंधाया और घटना की पूरी जानकारी महेंद्र के कर्मचारियों से प्राप्त की। उनके पुराने कर्मचारी प्रेमनाथ यादव ने बताया कि क्षेत्र के अरिहंत नगर कॉलोनी फेस दो में 21 अगस्त की सुबह करीब आठ बजे कॉलोनाइजर महेंद्र की बाइक सवार तीन बदमाशों ने दिनदहाड़े गोली मार कर हत्या कर दी। महेंद्र की लाश को पोस्टमार्टम के बाद शाम करीब पांच सरायमोहना घाट पर बौद्ध धर्म के अनुसार अंतिम संस्कार कर दिया गया। 

सारनाथ थाना क्षेत्र के सिंहपुर में कॉलोनाइजर महेंद्र गौतम की गोली मारकर हत्या के बाद बदमाश रिंग रोड से होकर हरहुआ से बड़ागांव और जौनपुर की ओर भागे थे। हत्याकांड को सुलझाने के लिए कमिश्नरेट के दो इंस्पेक्टर सहित पुलिस की 10 टीमें लगाई गई हैं। 

सारनाथ में दो कीमती जमीन विवाद को ही मुख्य केंद्र मानकर पुलिस की टीमें तफ्तीश कर रही हैं। 2000 से ज्यादा सीसी कैमरे खंगाले जा चुके हैं। अब कॉलोनाइजर की जमीन खरीद फरोख्त से संबंधित दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं। रजिस्ट्री कार्यालय से दसतावेज निकलवाए जा रहे हैं। 


सारनाथ की दो जमीन को लेकर दो से तीन व्यक्तियों से कॉलोनाइजर का विवाद सामने आया है। सारनाथ थाना क्षेत्र में रिंग रोड किनारे और सिंहपुर, हिरामनपुर, अकथा आदि गांव में प्लाॅटिंग का काम करने वालों से भी पुलिस की टीमों ने पूछताछ की है। हवेलिया चौराहे पर चाय की दुकान पर जुटने वाले कॉलोनाइजर और दलालों से भी पुलिस ने घटना के संबंध में बातचीत की है। 

पुलिस की 10 टीमें लगाई गई हैं। कॉलोनाइजर के सगे संबंधियों से जो जानकारी मिली है उसी हिसाब से कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है। रजिस्ट्री कार्यालय से दस्तावेज मांगे गए हैं। - प्रमोद कुमार, डीसीपी वरुणा जोन

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top