Varanasi : काशी में गंगा के साथ वरुणा के जलस्तर में भी बढ़ोतरी, प्रयागराज से बलिया तक बढ़ रहा पानी

Vishal Dubey
0

वाराणसी। गंगा नदी के जलस्तर में वृद्धि का सिलसिला लगातार जारी है। शनिवार की रात 10 बजे तक गंगा के पानी में 24 घंटे में 34 सेमी की वृद्धि दर्ज की गई लेकिन इसके बाद बाद से जलस्तर में तीन सेमी प्रति घंटा की वृद्धि दर देखी गई।

पानी बढ़ने से शनिवार को प्रसिद्ध शीतला माता मंदिर जाने वाला मार्ग भी डूब गया। अभी गंगा के पानी मे पलट प्रवाह की स्थिति तो नहीं बनी है लेकिन वरुणा के जलस्तर में भी शनिवार को वृद्धि दर्ज की गई, इससे तटवासियों में बेचैनी व्याप्त है।

शुक्रवार की रात 10 बजे 65.98 मीटर पर रहे जलस्तर में सुबह आठ बजे तक 10 घंटो में महज नौ सेमी की वृद्धि हुई थी और जलस्तर 66.07 मीटर पहुंचा था लेकिन इसके बाद दिन में जलस्तर की वृद्धि तेज कुछ तेज हुई और पानी रात के 10 बजे 14 घंटे में 25 सेमी बढ़ गया।

रात 10 बजे के बाद इसमें तीन सेमी प्रति घंटा की वृद्धि देखी गई। पानी के लगातार बढ़ने से सभी घाटों की अधिकांश सीढ़ियां डूब चुकी हैं। इससे शवदाह में परेशानी हो रही है। गंगा आरती भी छतों पर की जा रही है। गंगा के जलस्तर में प्रयागराज से बलिया तक वृद्धि जारी है।


द्रोणिका ने ली अंगड़ाई तो सावनी घटा घिर आई

दक्षिणी क्षेत्र में वर्षा कर रही द्रोणिका ने थोड़ी अंगड़ाई ली है, नतीजा बनारस सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश में सावनी घटा घिर आई है। दो दिनों से कहीं हल्की, कहीं मध्यम रुक-रुक कर वर्षा होती रही। शुक्रवार के विपरीत शनिवार को शहरी क्षेत्र में ग्रामीण क्षेत्र की अपेक्षा वर्षा कम रही लेकिन इससे मौसम सुहाना बना हुआ है।

मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि सोमवार से द्रोणिका उत्तर की ओर बढ़कर बनारस के ऊपर पहुंच सकती है, फिर तो अगले सप्ताह में अच्छी वर्षा की उम्मीदें की जा सकती हैं। शनिवार को सुबह से ही बादल आते-जाते रहे। दोपहर बाद बादलों की कालिमा गाढ़ी होने लगी और शाम होते-होते अनेक स्थानों पर वर्षा हुई।

शहरी क्षेत्र में हालांकि बूंदाबांदी तक ही वर्षा सीमित रही लेकिन बाबतपुर क्षेत्र में 5.2 मिमी वर्षा हुई। बावजूद इसके तापमान में बीते 24 घंटे की अपेक्षा वृद्धि दर्ज की गई और बीएचयू क्षेत्र में अधिकतम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस बढ़कर सामान्य से 0.6 डिग्री नीचे 33.4 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर बना रहा।

बाबतपुर क्षेत्र में अधिकतम तापमान में 1.9 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई और यह सामान्य से 1.7 डिग्री नीचे 32.7 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 26.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

बीएचयू के मौसम विज्ञानी प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि फिलहाल दो दिनों तक ऐसे ही रुक-रुक कर मध्यम से हल्की तक वर्षा होती रहेगी लेकिन सोमवार को द्रोणिका के इधर खिसकने पर अगले सप्ताह से अच्छी वर्षा होगी।

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top