Gorakhpur News: एयरपोर्ट पर अव्यवस्था का शिकार हुए केंद्रीय मंत्री, विमान में कैद रहे यात्री; इस वजह से मचा हड़कंप
गोरखपुर एयरपोर्ट पर विमानों में देरी और अव्यवस्था से केंद्रीय मंत्री भी प्रभावित हुए। इंडिगो की उड़ान से दिल्ली जाने वाले मंत्री को दो घंटे इंतजार करना पड़ा वहीं दिल्ली से आए यात्री विमान में ही फंसे रहे। एयरपोर्ट पर एप्रेन की कमी के कारण यह समस्या हो रही है। जुलाई तक नए एप्रेन बनने से यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
गोरखपुर एयरपोर्ट पर उड़ानों में लगातार हो रही देरी और अव्यवस्था की मार अब केंद्रीय राज्य मंत्री तक को झेलनी पड़ी। शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री को इंडिगो की उड़ान से दिल्ली जाना था, लेकिन उड़ान करीब दो घंटे की देरी से रवाना हुई। मंत्री नियत समय शाम 4:30 बजे एयरपोर्ट पहुंच गए थे, मगर उन्हें डेढ़ घंटे तक एयरपोर्ट निदेशक के कमरे में इंतजार करना पड़ा।
वहीं, उसी विमान से दिल्ली से आए यात्री करीब डेढ़ घंटे तक विमान में ही कैद रहे, क्योंकि टैक्सी वे पर विमान को खड़ा कर दिया गया था। एप्रेन खाली न होने की वजह से यात्रियों को उतरने की अनुमति नहीं मिली।यह कोई एक दिन की समस्या नहीं है। बीते एक माह से गोरखपुर एयरपोर्ट पर उड़ानों के समय में लगातार फेरबदल और विलंब की शिकायतें मिल रही हैं।
शुक्रवार को ही कई उड़ानें देरी का शिकार रहीं। सुबह 9:30 बजे दिल्ली से आने वाला इंडिगो का विमान एक घंटे की देरी से रवाना हुआ। दोपहर 1:50 बजे हैदराबाद जाने वाला विमान 47 मिनट और 2:50 बजे दिल्ली जाने वाली अकासा एयरलाइन की उड़ान 47 मिनट बाद 3:37 बजे रवाना हुई।