महाकुंभ 2025 (Maha Kumbh 2025) में भगदड़ की घटना को लेकर कांग्रेस लगातार सरकार को घेरने का प्रयास कर रही है। भगदड़ में घायल व लापता लोगों की सूची जारी किए जाने को लेकर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपे जाने के बाद कांग्रेस ने शुक्रवार को इस मुद्दे को फिर उठाया।
प्रदेश अध्यक्ष अजय राय (Ajay Rai) ने कहा कि महाकुंभ में हुई भगदड़ में सरकार ने 30 लोगों की मृत्यु स्वीकार की है। आरोप लगाया कि भगदड़ में ही पुलिस उपनिरीक्षक अंजनी कुमार राय की भी मौत हुई थी, जिसे पुलिस नकार रही है।
कुंभ मेला पुलिस ने पांच फरवरी को एक्स पर लिखा था कि उपनिरीक्षक की मौत भगदड़ में नहीं बल्कि हार्ट अटैक से हुई। उप निरीक्षक की मौत 30 जनवरी को होने की बात कही। जबकि पुलिस की जीडी (जनरल डायरी) में उप निरीक्षक की मौत 29 जनवरी की दोपहर 12.30 बजे होने की बात दर्ज है। जब सरकार अपने ही उपनिरीक्षक की मौत को दबा रही है तो आम आदमी की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। स्पष्ट है कि भगदड़ में बड़ी संख्या में मौत हुई थीं। घटना में घायल व लापता लोगों की सूची जारी किये जाने की मांग दोहराई।