सपा विधायक रहे दारा सिंह चौहान फिर से भाजपाई हो गए। BJP कार्यालय पहुंचकर उन्होंने पार्टी ज्वॉइन की। सोमवार सुबह करीब 11 बजे विधानसभा पहुंचे। वहां अध्यक्ष सतीश महाना को अपना इस्तीफा सौंपा।
सवाल : 20 महीने बाद आप BJP ज्वॉइन कर रहे हैं, क्या कहेंगे? जवाब : मुझे अच्छा लग रहा है। इससे अच्छा और कुछ हो नहीं सकता है। सवाल : आपने इस्तीफे में सपा छोड़ने का कारण नहीं बताया, क्या वजह है? जवाब : बीजेपी ज्वॉइन करने के बाद ये मैं बता दूंगा।
भारत को शक्तिशाली बना रहे हैं। इसमें सबका साथ हमें चाहिए। देखते हैं कि क्या होता है। बहुत सारे लोग हमारे संपर्क में हैं। हमारी पार्टी में जिनका उपयोग हो सकता है। उनका उपयोग करेंगे।
वहीं, दारा सिंह के बीजेपी ज्वॉइन करने पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, "भाजपा का विकास का एजेंडा है। इस विकास की यात्रा में जो हमारे साथ काम करना चाह रहे हैं, हम स्वागत करते हैं। सबको साथ लेकर चलेंगे।
वहीं, क्या दारा सिंह की ज्वाइॅनिंग के लिए कुछ शर्तें भी रखी गई हैं? इस सवाल पर उन्होंने कहा कि यह निर्णय केंद्रीय नेतृत्व ने किया है।
दारा सिंह ने कहा-2024 में फिर पीएम मोदी ही बनेंगे
इस वक्त दारा सिंह चौहान बीजेपी पार्टी कार्यालय में हैं। साथ में, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य मौजूद रहे। दारा सिंह चौहान ने कहा,"2024 का चुनाव, पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह, जिस तरह से काम कर रहे हैं। दोबारा पीएम नरेंद्र मोदी ही बनेंगे। दुनिया की कोई ताकत रोक नहीं सकती है। सीएम योगी के नेतृत्व में जिस तरह से गरीबों के उत्थान के लिए काम हो रहा है। वैसे लोकसभा चुनाव में बीजेपी ही पूर्ण बहुमत से जीत रही है। मैं कह सकता हूं कि आजमगढ़ की जिस सीट पर लड़ाई बताई जा रही है, वो भी बीजेपी जीत रही है। पूरी 80 सीटें बीजेपी ही जीत रही है।"
योगी कैबिनेट के विस्तार में फिर मंत्री पद मिल सकता है
लखनऊ में प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह की मौजूदगी में दारा सिंह चौहान भाजपा में शामिल होंगे। घोसी विधानसभा से सपा विधायक दारा सिंह ने शनिवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद उसी शाम को दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी।
सियासी गलियारे में चर्चा है कि योगी मंत्रिमंडल के विस्तार में दारा सिंह चौहान को एक बार फिर से मंत्री बनाया जाएगा। पहले कार्यकाल में भी दारा सिंह मंत्री रह चुके हैं। 2022 में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले उन्होंने मंत्री पद से इस्तीफा देते हुए सपा ज्वॉइन की थी।
दारा सिंह चौहान ने अपना राजनीतिक करियर बसपा से शुरू किया था। 1996 और 2000 में दारा सिंह राज्यसभा के सदस्य रह चुके हैं। 2009 का लोकसभा चुनाव दारा सिंह ने बसपा के टिकट पर घोसी सीट से लड़ा और जीता था। 2015 में दारा सिंह ने भाजपा ज्वॉइन की और 2017 के यूपी विधानसभा चुनाव लड़ा। इसके बाद 2022 में भाजपा से इस्तीफा देकर सपा में शामिल हो गए।
दारा सिंह का मऊ समेत 20 जिलों में प्रभाव
राजनीतिक जानकारों की मानें, तो दारा सिंह चौहान समाज के बड़े नेता हैं। उनका असर मऊ समेत 20 जिलों में है। ऐसे में भाजपा में उनका आना, लोकसभा चुनाव के मद्देनजर फायदेमंद साबित हो सकता है। 2022 के विधानसभा चुनाव में जब दारा सिंह चौहान ने बीजेपी का साथ छोड़ा था। तब बीजेपी के ऊपर तमाम आरोप भी लगाए थे।