गोरखपुर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के आरोपित पर अब तक की बड़ी कार्रवाई की है। राज नर्सिंग होम के मालिक डॉ. अभिषेक यादव के बाद अब खोराबार ब्लाक के पूर्व ब्लाक प्रमुख शैलेश यादव के पिता जवाहिर यादव की 150 करोड़ की संपत्ति पुलिस ने जब्त की है। पुलिस ने उसकी चार अरब की और संपत्ति चिन्हित की है। जिलाधिकारी के निर्देश के बाद उसे भी जब्त किया जाएगा। पुलिस के अनुसार यह यूपी में किसी माफिया के विरुद्ध हुई अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई होगी।
डीएम के आदेश पर गैंगस्टर एक्ट का आरोपित जवाहिर यादव की संपत्ति के कुर्की की कार्रवाई चल रही है। चार दिन बाद बुधवार तक जवाहिर की 150 करोड़ से अधिक की संपति को तहसील प्रशासन ने चिन्हित कर पुलिस की मौजूदगी में जब्त कर लिया है। इसमें खोराबार कस्बे और मदरहवा गांव में स्थित उसका मकान और भूमि शामिल है।
इन शहरों में चिन्हित की गई माफिया की संपत्ति
जब्ती की कार्रवाई के दौरान भू- माफिया की गोरखपुर के अलावा लखनऊ और झारखंड सहित अन्य राज्यों में अब तक तीन अरब की संपत्ति और चिन्हित की जा चुकी है। पुलिस का दावा है कि यह बढ़कर चार अरब यानी कि 500 करोड़ तक पहुंच सकती है। डीएम के आदेश मिलने के बाद उन संपतियों के जब्ती की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।
