गोपनीय सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई
रामेश्वर स्थित श्री युगल बिहारी इंटर कॉलेज के प्रबंधक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि उनके कॉलेज में PET आयोजित थी। कॉलेज के प्रधानचार्य ने उन्हें सूचना दी कि बलिया के नेमा के टोला, सिवान कलां निवासी रणजीत कुमार यादव को परीक्षा देना था। कॉलेज के रूम नंबर-25 में सिटिंग प्लान के अनुसार रणजीत के बैठने की जगह निर्धारित थी।
इसी बीच गोपनीय सूचना मिली कि रणजीत की जगह कोई और परीक्षा देने के लिए बैठा हुआ है। सूचना के आधार पर रणजीत की जगह पर जाकर चेकिंग की गई तो उसकी जगह बैठे युवक की फोटो और आधार कार्ड वगैरह सही मिला। उससे हस्ताक्षर वगैरह करा कर कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने अपनी गलती स्वीकार कर ली।
बताया कि सॉल्वर गैंग के कहने पर वह रणजीत की जगह परीक्षा देने बैठा था। उसका असली नाम चंदन महतो है। पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई के लिए चंदन को पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस अब रणजीत की तलाश कर रही है।
आरोपी से की जा रही है पूछताछ
जंसा थाना प्रभारी चंद्रदीप ने बताया कि चंदन महतो से विस्तार से पूछताछ की जा रही है। पता लगाया जा रहा है कि कितने पैसे लेकर वह परीक्षा देने आया था और सॉल्वर गिरोह का सरगना कौन है। चंदन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे अदालत में पेश कर जेल भेजा जाएगा। रणजीत की तलाश में पुलिस की दो टीम लगाई गई है।

