वाराणसी के दो दिवसीय दौरे पर आए भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने श्रीकाशी विश्वनाथ धाम और बाबा काल भैरव मंदिर के में दर्शन पूजन किए। इस दौरान उनके साथ बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता भी शामिल थे। काशी विश्वनाथ धाम के मुख्य द्वार पर मीडिया से बातचीत की। गैर मान्यता प्राप्त मदरसों की जांच पर बोले, गैर कानूनी काम को क्या संरक्षण देना चाहिए। जिन्होंने अनैतिक संपत्ति अर्जित की है, अराजकता, गुंडागर्दी, बेइमानी और भ्रष्टाचार से साम्राज्य खड़े कर लिए तो क्या उनको संरक्षण देना चाहिए। भूपेंद्र सिंह ने कहा कि बीजेपी के घोषणा पत्र में यही विषय शामिल हैं। भूपेंद्र सिंह बोले कि जनता ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमें यही जनादेश दिया है। जिन्होंने अनैतिक काम किए हैं उन सबके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कोई तनाव लेने की जरूरत नहीं है।
जाति या किसी क्षेत्र की पार्टी नहीं है भाजपा
भूपेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा किसी क्षेत्र, वर्ग, जाति विशेष की पार्टी नहीं है। कश्मीर से कन्याकुमारी, अहमदाबाद से नागालैंड तक भाजपा की सरकार है तो कहीं सरकार में शामिल है या मुख्य विपक्षी पार्टी के तौर पर है। पश्चिम के परिणाम देखो। उन्होंने यह भी कहा,''अब नए सिरे से पूर्वांचल और वाराणसी के संगठन को मजबूत करने का प्रयास करेंगे। संगठन ने मेरे ऊपर भरोसा जताया है। यह मेरे लिए बहुत बड़ी बात है उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य की जिम्मेदारी देना।''
