एक पार्षद 500 नौकरियां पैदा कर सकता है
लगभग डेढ़ दशक से देश के अलग-अलग हिस्सों में युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए काम कर रहे चंद्र मिश्रा पांडेयपुर क्षेत्र में पंचक्रोशी रोड में नई बस्ती में रहते हैं। उन्होंने काशी में मिशन बेरोजगारी मुक्त वाराणसी अभियान साल भर पहले शुरू किया है। क्या आप जानते हैं कि वाराणसी नगर निगम का प्रत्येक पार्षद राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत 5 साल में अपने वार्ड में कम से कम 500 नौकरियां पैदा कर सकता है। अधिकांश वार्डों में हमारे पास अशिक्षित पार्षद हैं। उन्हें अपने स्वार्थ के अलावा कुछ भी समझ नहीं आता है।
पढ़े-लिखे युवा इस बार चुनाव लड़ने के लिए आगे आएं। दिल्ली के चुनाव रणनीति विशेषज्ञों की एक पेशेवर टीम उन्हें प्रशिक्षित और मार्गदर्शन करेगी। पार्षद पढ़े-लिखे और समझदार होंगे तो हम नगर निगम के वित्त और सत्ता का उपयोग करके 5 वर्षों में 80 हजार से 1 लाख युवाओं को रोजगार प्रदान कर सकेंगे। इस तरह से हम सिर्फ नगर निगम की मदद से वाराणसी में बेरोजगारी की समस्या को काफी हद तक कम कर सकेंगे।
कौन कर सकते हैं संपर्क
चंद्र मिश्रा ने बताया कि चुनाव लड़ने के इच्छुक लोग कम से कम ग्रेजुएट हों और सरकारी योजनाओं को समझने का उनमें सामर्थ्य हो। उनकी उम्र अधिकतम 35 से 40 साल के बीच हो। सरकारी नौकरियों से सेवानिवृत्त हुए लोग भी चुनाव लड़ने के लिए आगे आ सकते हैं, बशर्ते उनमें काम करने का जज्बा हो। हमारे विशेषज्ञों की टीम उन्हें 6 महीने तक ट्रेनिंग देगी और बताएगी कि चुनाव किस तरह से लड़ना और जीतना है। इसके लिए किसी से फीस वगैरह नहीं ली जाएगी।
