नगर विकास विभाग के लिए यह होगी व्यवस्था : नगर विकास विभाग में निकायों के अधिशासी अधिकारियों के स्तर पर जनसुनवाई सोमवार को 10 से 12 बजे तक होगी। नगर निगम क्षेत्र में नगर आयुक्त के स्तर पर जनसुनवाई मंगलवार को 10 बजे होगी। हर महीने के पहले बुधवार को मंत्री एवं उच्चाधिकारियों के स्तर पर दोपहर 12 बजे से जनसुनवाई होगी।
शिकायतें ऊपर पहुंची तो खैर नहीं : मंत्री ने कहा कि स्थानीय, क्षेत्रीय एवं राज्य स्तर पर समन्वित कार्यक्रम शुरू किए जाने के पीछे भाव यह है कि जो शिकायत जहां प्राप्त हो, वहीं उसका निस्तारण होना चाहिए। शिकायत निस्तारण में विलंब या गैर जिम्मेदारी सिद्ध होने पर दंड की व्यवस्था तय की गई है। नीचे से बिना निस्तारण के शिकायतें राज्य स्तर पर पहुंची तो इसे लापरवाही माना जाएगा।
शिकायतों से जुड़ी जानकारी पोर्टल पर होगी फीड : संभव पोर्टल एक मल्टी माडल प्लेटफार्म है जिसकी लागिन आइडी ऊर्जा एवं नगर विकास विभाग के अधिकारियों को उपलब्ध करा दी गई है। पोर्टल पर आने वाली शिकायतों के निस्तारण से जुड़ी जानकारी संबंधित अधिकारी ही पोर्टल पर फीड करेंगे। इसमें वीडियो कांफ्रेंसिंग, टेली कांफ्रेंसिंग जैसी सुविधा का उपयोग भी हो सकेगा। अधिकारी तो आपस में इन सुविधाओं के जरिए बातचीत कर ही सकेंगे, शिकायतकर्ता को भी इसमें जोड़ा जा सकेगा ताकि वो भी निस्तारण प्रक्रिया का हिस्सा बन सकें।
