VARANASI - वाराणसी में ममता बनर्जी का काफिला रोका, काले झंडे दिखाए; सड़क पर तनकर ममता बोलीं- न डरूंगी, न भागूंगी

Vishal Dubey
0

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बुधवार शाम वाराणसी पहुंचीं। बनारस पहुंचते ही वह सबसे पहले दशाश्वमेध घाट पहुंचीं। घाट पर ममता बनर्जी के लिए अलग से कुर्सी लगाई गई थी, लेकिन वह सीढ़ी पर ही बैठ कर गंगा आरती में शामिल हुईं।

दशाश्वमेध घाट पहुंचने से पहले ममता बनर्जी को गोदौलिया पर काले झंडे दिखाए गए। उससे पहले चेतगंज में हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया था। चेतगंज में विरोध-प्रदर्शन और नारेबाजी के दौरान ममता बनर्जी वाहन से उतर कर सड़क पर तनकर खड़ी हो गईं। विरोध के बाद सीएम ममता बनर्जी ने भी कहा कि वह डरने वाली नहीं हैं, न ही भागने वाली हैं।

दशाश्वमेध घाट पर भी भाजपा समर्थकों ने ममता बनर्जी को देखते ही जमकर नारेबाजी की। आरती समाप्त होने के बाद ममता बनर्जी दशाश्वमेध घाट से निकलीं तो एक बार फिर भाजपा समर्थकों ने उन्हें देख कर जमकर नारेबाजी की।

अखिलेश ने ट्वीट किया- 'भाजपा के बिगड़े हालात हैं...
वाराणसी में ममता के विरोध पर सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने ट्वीट किया- 'भाजपा के बिगड़े हालात हैं क्योंकि दीदी-भइया साथ हैं। भाजपा प.बंगाल में हुई शर्मिंदा हार के सदमे से अभी भी नहीं उबरी है, इसीलिए सुश्री ममता बनर्जी जी को बनारस में काले झंडे दिखा रही है। ये भाजपाइयों की हताशा का ही दूसरा रूप है क्योंकि वो जानते हैं कि वो उप्र भी बुरी तरह हार रहे हैं।'

23 दिन में दूसरा दौरा
ममता बनर्जी 7 फरवरी को 2 दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंची थीं। उस दौरान उन्होंने अखिलेश यादव को समर्थन देते हुए जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। उन्होंने कहा था कि अगर योगी आ जाएगा तो हम सबको खा जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सवाल किया था कि जब कोविड से यूपी में लोग मर रहे थे तो वह कहां थे? आप उन लोगों के परिवारों से माफी मांगें, जिन लोगों को गंगा में लाशें बहाने के लिए मजबूर किया था।

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top