प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को निजी मेडिकल कालेजों की फीस आधी करने की बात कही। साथ ही कहा कि गरीब का बच्चा अंग्रेजी नहीं पढ़ पाता तो हिंदी में मेडिकल की पढ़ाई कर डाक्टर बन सकेगा। पीएम मोदी गुरुवार को चंदौली और जौनपुर में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। यूक्रेन पर रूस के हमले के संदर्भ में संकेत देते हुए पीएम ने यह भी कहा कि यूपी की विकास यात्रा को जारी रखने के लिए चुनाव में भाजपा की जीत आवश्यक है। कहा, ऐसे समय में जब दुनिया के सामने मौजूद गंभीर चुनौतियों का सामना करने के लिए भारत को मजबूत होने की जरूरत है, विपक्ष वोट के लिए समाज को बांटने की कोशिश कर रहा है।
