UP : बागपत में भाजपा प्रत्याशी के काफिले पर हमला, बीच सड़क समर्थकों को पीटा, प्रत्याशी सहेंद्र सिंह ने भागकर बचाई जान

Vishal Dubey
0

पश्चिम यूपी में भाजपा प्रत्याशियों पर लगातार हमले हो रहे हैं। मंगलवार को बागपत में भाजपा प्रत्याशी सहेंद्र सिंह के काफिले पर लोगों ने हमला कर दिया। उनके रोड शो के दौरान आक्रोशित लोगों ने भाजपा प्रत्याशी पर गोबर फेंका। समर्थकों को बीच सड़क पर लाठी-डंडों और लात-घूसों से पीटा। पत्थर भी मारे। एसपी नीरज कुमार जादौन ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर 4 लोगों की पहचान करके उन्हें हिरासत में ले लिया गया है। अन्य की पहचान की जा रही है, अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है। जांच करके वैधानिक कार्रवाई की जाएगी ।

भाजपा प्रत्याशी सहेंद्र सिंह ने बमुश्किल किसी तरह से भागकर जान बचाई। मामले का वीडियो भी सामने आया है। उधर, भाजपा नेताओं ने रालोद को हमले का जिम्मेदार बताया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच शुरू कर दी है।

मामला छपरौली विधानसभा है। मंगलवार को चुनाव प्रचार का आखिरी दिन था। छपरौली से विधायक और भाजपा प्रत्याशी सहेंद्र सिंह समर्थकों के साथ रोड शो के लिए निकले। छपरौली कस्बे में काफिला पहुंचते ही सैकड़ों लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया। कुछ लोग गाली-गलौज कर पीटने की बात कहने लगे। तभी किसी ने भाजपा प्रत्याशी पर गोबर फेंकना शुरू कर दिया।

सुरक्षा कर्मियों ने पौन घंटे बाद स्थिति को काबू किया
विरोध देखते ही भाजपा प्रत्याशी तो किसी तरह से जान बचाकर निकल गए। लेकिन पीछे से आ रहे समर्थक मामला जानने के लिए रुक गए। तभी लोगों ने उनको लात-घूसों से पीटना शुरू कर दिया। देखते ही देखते ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे भी चलने लगे। करीब 45 मिनट बाद सुरक्षा कर्मियों ने किसी तरह से स्थिति को काबू किया। सूचना पर पुलिस भी पहुंची। लेकिन तब तक अराजक तत्व फरार हो गए।

पुलिस बोली- तहरीर मिलने पर करेंगे कार्रवाई
एसपी का कहना है कि मामले में जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सीओ बड़ौत हरीश भदौरिया का कहना है कि अभी तक इस मामले में तहरीर नहीं मिली है। वायरल वीडियो की जांच की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top