UP : सपा कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रत्याशी को गांव में घुसने से रोका, संजीव बालियान थाने में धरने पर बैठे ।

Vishal Dubey
0

जंगीपुर थाना क्षेत्र के नावापुर गांव में बुधवार की दोपहर चुनाव का प्रचार कर रहे भाजपा के जंगीपुर विधानसभा प्रत्याशी रामनरेश सिंह कुशवाहा सहित उनके समर्थको को बाइक सवार सपा कार्यकर्ताओं ने गांव में घुसने से रोक दिया। आरोप है कि सपा वोटरों का गांव बताकर लौटने की धमकी दी। इसको लेकर वहां भाजपा कार्यकर्ताओं और सपाइयों में टकराव की नौबत आ गई। प्रत्याशी व समर्थकों से अभद्रता भी की। ग्रामीणों के बीच बचाव के बाद सपा कार्यकर्ता वहां से भाग निकले। इस घटना से नाराज भाजपा प्रत्याशी रामनरेश सिंह कुशवाहा अपने समर्थको के साथ जंगीपुर थाने में धरने पर बैठ गए और सपा कार्यकर्तओं की बाइक की गाड़ी के नंबर के आधार पर उनकी गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। सूचना मिलते ही केंद्रीय पशुपालन व डेयरी राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान, जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह, कृष्णबिहारी राय, पूर्व मंत्री विजय मिश्रा आदि भी प्रत्याशी के साथ थाने में धरने पर बैठ गए।
बुधवार के दिन भाजपा जंगीपुर विधानसभा प्रत्याशी रामनरेश सिंह कुशवाहा अपने कार्यकर्ताओं के साथ क्षेत्र के नावापुर गांव में अपने पक्ष मे वोट मांग रहे थे। तभी दो पहिया वाहन पर सवार आठ -दस की संख्या में पहुंचे युवकों ने भाजपा कार्यकर्ताओं को समाजवादियों के गांव में वोट न मांगने की हिदायत देते हुए वहा से चले जाने की धमकी दी। इस पर भाजपाइयों ने विरोध किया तो दोनों कार्यकर्ताओं में नोक झोंक होने लगी जिससे मौके पर हंगामा मच गया। ग्रामीणों ने दोनों पार्टी के नेताओं को समझा बुझाकर मामला ख़त्म कराया। तब तक बाइक सवार युवक मौके से चले गए। इससे नाराज भाजपा प्रत्याशी रामनरेश सिंह कुशवाहा कार्यकर्ताओं के साथ जंगीपुर थाने मे धरने पर बैठ गए। भाजपा प्रत्याशी के धरने पर बैठने की बात जिले में फैलते ही भाजपा के नेता व कार्यकर्ता थाने पहुंच गए। वहाँ काफी देर तक गहमागहमी का माहौल रहा। सीओ ओजस्वी चावला के कार्रवाई के आश्वासन पर भाजपा नेताओं ने धरना समाप्त किया।

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top