वाराणसी में UP-TET रद्द करने की मांग:देरी से पहुंचने पर कई कैंडिडेट नहीं शामिल हो पाए परीक्षा में

Vishal Dubey
0

वाराणसी में आज 89 केंद्रों पर उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UP-TET) आयोजित की गई है। पहली पाली की परीक्षा के दौरान कई केंद्रों पर देरी से पहुंचने की वजह से अभ्यर्थियों को प्रवेश करने का मौका नहीं मिल पाया। परीक्षा देने का अवसर न मिल पाने की वजह से अभ्यर्थियों में जबरदस्त गुस्सा देखने को मिला। अभ्यर्थियों का कहना था कि मनमानी करते हुए हमारे साथ अन्याय न किया जाए। मौसम भी खराब था तो थोड़ी-बहुत देरी तो चलती रहती है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से हमारी मांग है कि परीक्षा रद्द करके दोबारा नए सिरे से आयोजित कराएं।

9:30 बजे तक ही दी गई एंट्री

UP-TET की पहली पारी की परीक्षा सुबह 10 बजे से थी। इसके मद्देनजर वाराणसी के परीक्षा केंद्रों पर 9:30 बजे तक ही अभ्यर्थियों को एंट्री दी गई। देरी से पहुंचे अभ्यर्थी सेंटर का गेट बंद देख कर सन्न रह गए। मिन्नतें करने और रोने के बावजूद भी अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों में प्रवेश नहीं मिला तो सभी ने जमकर नाराजगी जाहिर की। रामनगर स्थित राधा किशोरी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, बेसेंट थियोसोफिकल हायर सेकेंड्री स्कूल और बुलानाला स्थित अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज के साथ ही कई अन्य परीक्षा केंद्रों के सामने खड़े होकर अभ्यर्थियों ने जमकर नाराजगी जताई।

इस दौरान अभ्यर्थियों की पुलिस से नोकझोंक भी हुई, लेकिन किसी की एक न सुनी गई। अभ्यर्थियों का कहना था कि महज 2 मिनट की देरी के चलते उन्हें सेंटर में प्रवेश नहीं करने दिया गया। यह सरासर अन्याय है।

ओरिजिनल मार्कशीट लाने पर भी एंट्री नहीं

रामनगर स्थित राधा किशोरी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के सामने अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि ओरिजिनल मार्कशीट लाने के बाद भी सेंटर में एंट्री नहीं दी गई। कुछ लोगों की मार्कशीट फर्जी बताकर उन्हें सेंटर से बाहर कर दिया गया। अखरी स्थित पार्वती इंटर कॉलेज में परीक्षा देने आए रवींद्र यादव ने आरोप लगाया कि वह बीटीसी की मार्कशीट की फोटोकॉपी लेकर आए थे, इस वजह से उन्हें परीक्षा नहीं देने दिया गया।

उधर, इस संबंध में डीआईओएस डॉ. विनोद कुमार राय ने बताया कि प्रवेश पत्र पर स्पष्ट रूप से लिखा था कि अभ्यर्थी परीक्षा शुरू होने के समय से आधा घंटे पहले सेंटर में प्रवेश कर अपना स्थान ग्रहण कर लें। उसके बाद किसी को प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। इसके साथ ही अन्य निर्देश भी दर्ज थे। परीक्षा के संबंध में जो नियम बनाए गए हैं हमें तो सिर्फ उनका पालन कराना है।


Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top