कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी। घोषित 125 प्रत्याशियों की लिस्ट में वाराणसी से दो नामों पर मुहर लगी है। वारणसी में 8 विधानसभा क्षेत्र आते हैं। 5 बार विधायक रहे अजय राय पर एक बार फिर पिंडरा विधानसभा से कांग्रेस ने दांव लगाया है। वहीं, पार्टी के जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल को रोहनिया विधानसभा का प्रत्याशी घोषित किया गया है। कांग्रेसियों का कहना है कि वह जी-जान लगाकर दोनों प्रत्याशियों को जिताएंगे।
लगातार 3 चुनाव हारे अजय राय
भाजपा युवा मोर्चा से अपने राजनीतिक कैरियर की शुरुआत करने वाले अजय राय ने 1996 में कोलसला विधानसभा से पहला चुनाव जीता था। इसके बाद 2002 और 2007 में वह फिर विधायक चुने गए। 2009 में उन्होंने समाजवादी पार्टी से वाराणसी का लोकसभा चुनाव लड़ा, लेकिन तीसरे स्थान पर रहे। इसके बाद कोलसला विधानसभा के लिए हुए उप चुनाव में उन्होंने निर्दल प्रत्याशी के तौर पर जीत दर्ज की। 2012 में उन्होंने पिंडरा विधानसभा से चुनाव लड़कर जीत दर्ज की।
पीएम मोदी के खिलाफ भी लड़ा था चुनाव
2014 और 2019 में वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ वाराणसी से लोकसभा चुनाव लड़े और दोनों ही बार तीसरे स्थान पर रहे। 2017 विधानसभा चुनाव पिंडरा से लड़ा और भाजपा प्रत्याशी डॉ. अवधेश सिंह से हार गए। पिंडरा क्षेत्र अजय राय का पुराना राजनीतिक कार्यक्षेत्र होने के कारण कांग्रेस नेतृत्व ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया है।
जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल रोहनिया से दिखाएंगे दम
कांग्रेस ने वाराणसी के अपने जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल को रोहनिया विधानसभा क्षेत्र में पटेल मतदाताओं की बहुलता को देखते हुए प्रत्याशी बनाया है। राजेश्वर इससे पहले 2007 में वाराणसी की कैंट विधानसभा से चुनाव लड़े थे और चौथे स्थान पर थे। कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि हमारी पार्टी की नेता प्रियंका गांधी ने बहुत सोच-समझ कर प्रत्याशियों को चुना है। हम सभी कांग्रेसी पूरा दमखम लगाकर अपने प्रत्याशियों की जीत हर हाल में सुनिश्चित कराएंगे।
