Varanasi में भाजपा सभासद नगर निगम कार्यालय पर योगी-मोदी जिंदाबाद, नगर निगम मुर्दाबाद के लगाये नारे

Vishal Dubey
0

वाराणसी नगर निगम कार्यालय पर वार्ड की समस्या को लेकर भाजपा सभासद गुरुवार को दर्जनों महिलाओं और पुरुषों के साथ पहुंच गया। नगर आयुक्त कार्यालय के सामने ही लोगों ने योगी-मोदी जिंदाबाद, नगर निगम मुर्दाबाद के नारे लगाए। समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वृहद आंदोलन की चेतावनी भी दी।
मैं भाजपा का सभासद हूं, यहां मेरी ही नहीं सुनी जा रही है
नगर निगम वाराणसी के वार्ड नंबर 21 के सभासद गोपाल जायसवाल ने कहा कि मैं भाजपा पार्टी का सभासद हूं और यहां मेरी ही नहीं सुनी जा रही है। उन्होंने कहा कि कच्चीबा मोहल्ले में नाले को नगर निगम के कर्मचारियों द्वारा बंद किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जून 2021 से यह काम चल रहा है, तभी से मैं नगर निगम के जिम्मेदारों के पास दौड़ रहा हूं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
प्रभावशाली के इशारे पर गरीब को रौंदा जा रहा है
गोपाल जायसवाल ने कहा कि एक प्रभावशाली व्यक्ति के लिए गरीबों को रौंदा जा रहा है, लेकिन मैं ऐसा होने नहीं दूंगा। उन्होंने कहा कि जोनल अधिकारी गए तो वे एक प्रभावशाली व्यक्ति के घर पर बैठकर चले आए और समस्या जस की तस बनी हुई है। नाला बंद होने से गंदगी फैल रही है। नगर निगम के जिम्मेदार नाले को बंद करवाकर गरीब महिलाओं के रास्ते को बंद करने का प्रयास कर रहे हैं। सभासद का कहना है कि अगर समस्या दूर नहीं हुई तो कर्मचारियों को ले चलकर उसी नाले पर बैठाया जाएगा।
टिकट काटने की मिल रही धमकी
सभासद गोपाल ने कहा कि कुछ लोग धमकी दे रहे हैं इस बार टिकट नहीं मिलेगा अगर विरोध किया तो। लेकिन मैं जनता के बल पर जीता हूं और जनता के साथ रहूंगा। तिलक कुमार सोनकर ने बताया कि सीवर का पानी जमा होने से पूरा मोहल्ला लॉक हो गया है और गंदा पानी नल से निकल रहा है, जिससे जल जनित बीमारी फैलने की आशंका है।
मेयर ने कहा प्रकरण गंभीर है
मेयर मृदुला जायसवाल ने बताया कि प्रकरण गंभीर है। मैं खुद इसे संज्ञान में लेकर आगे देखती हूं। अगर निगम के कर्मचारी किसी भी प्रकार की लापरवाही करेंगे तो ठीक नहीं होगा।

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top