दो महिलाओं में कोरोना की पुष्टिः सोमवार को अन्य राज्यों से लखनऊ आई दो महिलाओं में कोरोना की पुष्टि हुई है। दोनों महिलाएं लखनऊ की रहने वाली हैं। इन दोनों की एंटीजन रिपोर्ट पाजिटिव आयी थी। इनके सैम्पल आरटीपीसीआर जांच के लिए भेजे गए जिसमें संक्रमण की पुष्टि हुई है। इन महिलाओं में एक महिला गोआ से लखनऊ लौटी थी। वहीं दूसरी महिला कनाडा से आई थी।
विदेशी उड़ानों के संक्रमितों के लिए 20 बेड किए गए आरक्षित : कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या फिर से बढ़ने लगी है। इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और एयरपोर्ट पर सैंपलिंग की प्रक्रिया तेज कर दी है। साथ ही विदेश से आने वाली उड़ानों पर भी स्वास्थ्य विभाग की नजर है। विदेशी उड़ानों से पाजिटिव पाए जाने वाले लोगों के लिए 20 बेड आरक्षित किए गए हैं। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. मिलिंद वर्धन ने बताया कि विदेश से आने वाली उड़ानों में आए व्यक्तियों में अगर कोरोना संक्रमण की पुष्टि होती है तो उन लोगों को लोकबंधु अस्पाताल में भर्ती कराया जाएगा। इसके लिए वहां 20 बेड आरक्षित किए गए हैं, ताकि समय पर समुचित इलाज मुहैया हो सके। इसके अलावा रैंडम सैंपलिंग में पाजिटिव आने वाले लोगों के नमूने आरटीपीसीआर और जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे जा रहे हैं।