बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती उत्तर प्रदेश में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में अपनी पार्टी की जीत को लेकर आशान्वित हैं। मायावती को भरोसा है कि उत्तर प्रदेश की जनता उनको पांचवीं बार प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाएगी।
उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने मंगलवार को मीडिया को संबोधित किया। मायावती को भरोसा है कि वह पांचवीं बार उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री बनेंगी। मायावती ने इसके साथ ही भारतीय जनता पार्टी तथा समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा ने उत्तर प्रदेश में अपने करीब पांच वर्ष के शासन में 50 प्रतिशत वादों को भी पूरा नहीं किया है। यह तो प्रदेश की भोली जनता के साथ छल है। मायावती ने कहा कि भाजपा का गरीबों को फ्री राशन बांटने का काम चुनाव बाद बंद हो जाएगा। फ्री राशन सिर्फ चुनावी एजेंडा है।
मायावती ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के साथ ही समाजवादी पार्टी भी इन दिनों जनता को लुभाने का नाटक कर रही है। उन्होंने कहा कि हमको भरोसा है कि उत्तर प्रदेश की जनता तो भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी के झांसे में नहीं आएगी। हमें तो समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी की कथनी तथा करनी में कोई अंतर नजर नहीं आता। यह तो एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। यह दोनों दल सिर्फ चुनाव को हिंदू-मुस्लिम का मामला बनाना चाहते हैं। हमें विश्वास है कि हमें पूर्ण बहुमत मिलेगा, जैसा कि हमें 2007 में मिला था।
बसपा अध्यक्ष मायावती ने कहा कि बसपा बातें कम और काम में ज्यादा विश्वास करती है। इसके विपरीत भाजपा को जनता के दुख दर्द की परवाह नहीं है। मायावती ने कहा कि बसपा वादों पर नहीं करके दिखाने पर यकीन करती है। चार बार की सत्ता इसकी गवाह है, प्रदेश की जनता पांचवीं बार उन्हें मुख्यमंत्री बनाना चाहती है। बसपा प्रमुख ने कहा कि केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार से जनता परेशान है। जिस तरह डीजल व पेट्रोल की कीमतें बढ़ीं है, जनता उसे भूलने वाली नहीं है। चुनाव में हार के डर से कीमतें कम किया है, बाद में ब्याज सहित वसूलेगी। चुनाव के लिए ही राशन बांटा जा रहा है, बाद में ये मिलने वाला नहीं है।