दीपावली, छठ व देव दीपावली में निगम क्षेत्र में साफ-सफाई को लेकर निगम प्रशासन मुस्तैद है। ऐसे में दीपावली, छठ व देव दीपावली में निगम कर्मियों के अवकाश को रद कर दिया गया है। इस आशय का निर्देश नगर आयुक्त प्रणय सिंह द्वारा जारी कर दिया गया है। वहीं निगम क्षेत्र में 84 नवीन ग्राम शामिल होने तथा दीपावली के मद्देनजर घरों में हो रही साफ-सफाई के चलते निगम क्षेत्र में हर दिन निकलने वाले कूड़े का वजन ढ़ाई सौ मीट्रिक टन बढ़ गया है। अमूमन निगम क्षेत्र में प्रतिदिन छह सौ मीट्रिक टन निकलता था, जो अब बढ़कर 850 मीट्रिक टन हो गया है।
कड़सरा स्थित कूड़ा निस्तारण केंद्र की क्षमता भी छह सौ मीट्रिक टन है। इसके अलावा 24 कूड़ा घर है। ऐसे में स्वच्छ बनारस के लिए नगर आयुक्त के निर्देश पर निगम प्रशासन ने कार्ययोजना तैयार कर काम शुरू कर दिया है। कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों का फेरा बढ़ा दिया गया है। पहले जहां गाड़िया दो से तीन फेरा लगाती थी, वहीं अब इसे बढ़ाकर चार से पांच कर दिया गया है। इसके साथ ही विभिन्न प्रतिष्ठानों से रात में भी कूड़े का उठाव किया जा रहा है। नगर आयुक्त प्रणय सिंह ने कहा कि निगम क्षेत्र में साफ-सफाई को लेकर निगम प्रशासन पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। निगम क्षेत्र में साफ-सफाई के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में कर्मियों का अवकाश भी रद किया गया है।

