सपा मुखिया अखिलेश यादव विधानसभा चुनाव 2022 के लिए अभियान का आगाज उद्योग नगरी से कर रहे हैं। मंगलवार को कानपुर से शुरू होने जा रही विजय रथयात्रा लेकर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव घाटमपुर होते हुए बुंदेलखंड के जनपदों में भ्रमण करेंगे और जनता के बीच अपनी उपलब्धियों के साथ भाजपा सरकार की खामियां बताएंगे। देर शाम से जाजमऊ गंगा तट पर रथयात्रा की तैयारियों को पूरा किया गया और सुबह से ही सपाइयों की भीड़ जाजमऊ गंगा पुल पर पहुंच गई है।
अखिलेश यादव के आने के बाद रथयात्रा यहां से घाटमपुर होते हुए हमीरपुर से बुंदेलखंड में प्रवेश कर जाएगी। सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम घाटमपुर और हमीरपुर में बैठक करके तैयारियों की समीक्षा कर चुके हैं। मंगलवार सुबह से कानपुर के जाजमऊ गंगा तट से सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की विजय रथयात्रा को लेकर सपाई पहुंचने लगे हैं। यात्रा शुभारंभ स्थल पर सपाइयों की भीड़ एकत्र है, अखिलेश के आते ही यात्रा की शुरुआत होगी। यहां से घाटमपुर होते हुए हमीरपुर पहुंचेंगे। इसके बाद 13 अक्टूबर को हमीरपुर से जालौन होते हुए यात्रा कानपुर देहात पहुंचेगी।
घाटमपुर में नेयवेली पावर प्लांट के पास रामपुर मोड़ पर जनसभा का आयोजन होगा, जहां सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष संबोधित करेंगे। इसके बाद हमीरपुर में पार्टी कार्यालय व कुरारा में जनसभा होगी। झलोखर गांव, मुख्यालय के कालपी चौराहा, अमन शहीद में स्वागत स्थल की तैयारियां की गई हैं। प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम के साथ पूर्व सांसद नरेंद्र सिंह पटेल, जिला उपाध्यक्ष अनिल सोनकर वारसी, सपा नेता विजय सचान ने सभी जगह का जायला लेकर ब्लाक अध्यक्षों को जरूरी दिशा निर्देश दिए।
मालरोड में एक होटल में पत्रकार वार्ता में विजय रथयात्रा के प्रभारी और विधान परिषद सदस्य संजय लाठर ने बताया कि जाजमऊ से विजय रथयात्रा निकाली जाएगी, जो प्रदेश भर में भ्रमण करेगी। इसके जरिए सपा मुखिया प्रदेश सरकारी की खामियों को गिनाएंगे, सपा कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों की उपलब्धियां जन-जन तक पहुंचाएंगे। उन्होंने बताया, सपा ध्वस्त कानून व्यवस्था, महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी को मुद्दा बनाएगी। नगर अध्यक्ष डा. इमरान, विधायक अमिताभ बाजपेयी व इरफान सोलंकी, समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद गिरी, मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष अनीश राजा, लोहिया वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष रामकरण निर्मल मौजूद रहे।
