भाजपा सरकार केंद्रीय गृह राज्यमंत्री को बचाने में जुटी है, वाराणसी में बोले वरिष्‍ठ कांग्रेसी प्रमोद तिवारी - ripe news

Vishal Dubey
0
केंद्रीय कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य और पूर्व राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि लखीमपुर खीरी मामले में भाजपा सरकार केंद्रीय गृह राज्यमंत्री को बचा रही है। यदि किसानों के साथ सरकार को न्याय करना होता तो अब तक वह उनसे इस्तीफा ले चुकी होती। प्रमोद तिवारी शनिवार को मीडिया से मुखातिब थे। उन्होंने कहा कि लखीमपुर खीरी मामले में गृह राज्य मंत्री के बेटे को भी गिरफ्तार नहीं किया गया है। सरकार के इस रवैये पर सुप्रीम कोर्ट ने सख्त कदम उठाते हुए अपनी असंतुष्टि जताई है। उन्होंने कहा कि मंत्री ने जो कहा था वह पूरा करके दिखाया है। उन्होंने कहा था कि यदि किसानों ने विरोध किया तो एक मिनट में ठीक कर दूंगा। लोग मेरा इतिहास न भूलें। अब कुछ दिनों में चुनाव होने हैं। जनता जुल्म का इंसाफ करेगी। वाराणसी में प्रियंका गांधी की किसान रैली के माध्‍यम से लोगाें को किसानों के हक की बात समझायी जाएगी। उनके अधिकारों की बात होगी।

विधानसभा चुनाव में सबसे मजबूत विपक्ष है कांग्रेस : इमरान प्रतापगढ़ी

लखीमपुर खीरी की घटना पर आखिरकार सरकार को झुकना पड़ा। यह कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और कांग्रेस पार्टी के दबाव का ही परिणाम है। सपा और बसपा के नेता जब केवल ट्वीट तक सीमित थे, हमने सड़कों पर उतरकर आवाम की आवाज बुलंद की। विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस सबसे मजबूती के साथ लड़ेगी। यह बातें राष्ट्रीय अल्पसंख्यक कांग्रेस के अध्यक्ष व मशहूर शायर इमरान प्रतापगढ़ी ने होटल ताज में मीडिया से बातचीत में कही। वे जगतपुर इंटर कालेज के मैदान पर आयोजित कांग्रेस की किसान न्याय रैली में शिरकत करने शनिवार की देर शाम वाराणसी पहुंचे थे। दिल्ली से बनारस रवानगी के कुछ घंटे पहले उन्होंने लखीमपुर की घटना को लेकर एक ट्वीट किया और कहा- 'आवाम का है.. किसान का है, सवाल लोगों की जान का है। हैं जो भी शामिल, हैं जो भी कातिल, उन्हीं से इसका जवाब लेंगे... सनद रहे हम हिसाब लेंगे...।'

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top