डेंगू और बुखार का डंक लगातार जारी है। मौतों का सिलसिला नहीं थम रहा है। शनिवार को ब्रज में इससे 19 लोगों की मौत हो गई। इसमें से फिरोजाबाद में 14, एटा में दो और कासगंज में तीन की मौत सामने आई है। फिरोजाबाद अब तक मरने वालों की संख्या 127 हो गई है।
जिला अस्पताल के अलावा अन्य सरकारी अस्पतालों में बेड फुल हो गए हैं। एक-एक बिस्तर पर दो-तीन मरीजों को लिटाकर इलाज किया जा रहा है। यहां से रोजाना पीड़ादायक तस्वीर सामने आ रही है। वहीं शनिवार को एटा में दो और कासगंज के गंजडुंडवारा में बुखार से तीन बच्चों की जान चली गई।
हाथवंत क्षेत्र का करीब दो साल का मासूम रोहित पुत्र गणेश तीन-चार दिन से बुखार से तप रहा था। शनिवार को उसकी मां और परिवार वाले उसे फिरोजाबाद के सौ शैया अस्पताल लेकर आए। वहां प्राचार्या डॉ. संगीता अनेजा को पता चला तो उन्होंने बच्चे को स्ट्रेचर पर रखवाकर बुलवाया।
इसके बाद उसको बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. एलके गुप्ता को दिखवाया गया तो उन्होंने रोहित को मृत घोषित कर दिया। अपने सामने आंखों के तारे की मौत देख पूरे परिसर में मां की कराह गूंज गई। ये पीड़ादायी दृश्य सभी की आंखें नम कर गया।
