कटघर थानाक्षेत्र में नौ साल की एक बच्ची के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया। आरोप है कि मासूम बच्ची दुकान से सामान लेने गई थी, तभी एक तांगे वाले ने रास्ते में छेड़खानी कर दी। बच्ची के शोर मचाने पर लोग मौके पर आ गए और उन्होंने आरोपित को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा।
कटघर थाना क्षेत्र निवासी फर्म कर्मचारी ने पुलिस को बताया कि उसकी नौ साल की बेटी दुकान से सामान लेने गई थी। काफी देर तक जब बेटी घर नहीं लौटी, तो पिता ने बच्ची की तलाश की। पीड़ित बच्ची के पिता ने बताया कि उसने देखा कि कुछ लोग एक व्यक्ति की पिटाई कर रहे थे। वहीं पास में उनकी बेटी खड़ी रो रही थी। पूछताछ में स्थानीय लोगों ने बताया कि आरोपित बच्ची के साथ छेड़खानी कर रहा था। इसके बाद बच्ची से पूछताछ की तो उसने अपने पिता को बताया कि जब वह सामान लेकर घर लौट रही थी, तभी तांगे वाले ने उसे तांगे में बैठा लिया। इसके बाद उसने छेड़खानी शुरू कर दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। कटघर थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की गई है।
