देवरिया सदर कोतवाली के तिलई बेलवा में एक युवक ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। वजह एक व्यक्ति से लिए गए कर्ज को वापस करने के लिए पत्नी दबाव बना रही थी। यह बात उसे रास नहीं आई। पुलिस ने आरोपित पति के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
पत्नी से हो गई थी तकरार
गांव का पिंटू यादव मजदूरी करता है। देर रात वह घर पहुंचा तो पत्नी रिंकू देवी से उसकी तकरार हो गई। तकरार इतनी बढ़ गई कि पहले पिंटू ने रिंकू की पिटाई की और बाद में गला दबाकर हत्या कर दी। इसकी जानकारी लोगों को दूसरे दिन सुबह हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पति पिंटू को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में पति पिंटू के खिलाफ रिंकू के बहनोई व रुद्रपुर कोतवाली के अहलादपुर के रहने वाले सुभाष यादव की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाल राजू सिंह ने कहा कि गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है।
