स्वतंत्रता दिवस को लेकर खुफिया एजेंसियों ने अलर्ट जारी किया है, जिसके बाद प्रदेश में हर स्तर पर पूरी सतर्कता बरते जाने के निर्देश दिए गए हैं। एडीजी कानून-व्यवस्था प्रशांत कुमार ने सभी एसएसपी व एसपी को बाजारों व अन्य प्रमुख स्थलों पर सघन चेकिंग कराए जाने के साथ ही संदिग्धों व बाहर से आने वाले लोगों पर कड़ी नजर रखने को कहा है। होटल, धर्मशाला व लाज में भी चेकिंग कराने के अलावा पुलिस को मुहर्रम की सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर हर स्तर पर पूरी मुस्तैदी बरते जाने की हिदायत दी गई है। एडीजी ने सभी संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किए जाने का निर्देश भी दिया है। वहीं राजधानी लखनऊ में स्वतंत्रता दिवस, मुहर्रम और रक्षाबंधन के चलते राजधानी में लागू धारा-144 को सात सितंबर तक बढ़ा दिया गया है। गुरुवार को जेसीपी कानून व्यवस्था पीयूष मोर्डिया ने यह आदेश जारी किया। उन्होंने बताया कि कोविड-19 सुरक्षा को लेकर इस दौरान जुलूस आदि प्रतिबंधित रहेंगे।
