14 माह से दफन है बोरी में मिली लाश का राज -Ripe News-

Vishal Dubey
0
सवा साल पूर्व अम्हेड़ा-मोहनपुर मार्ग पर बोरी में एक व्यक्ति का शव मिलने की घटना का अभी तक राजफाश नहीं हो सका है। पुलिस तफ्तीश में जुटी रही, थानेदार बदलते रहे। कातिल को पकड़ना तो दूर, मृतक की शिनाख्त तक नहीं हो सकी। धीरे-धीरे हत्या का राज दफन हो गया। काफी मशक्कत करने के बाद भी सफलता नहीं मिलने पर पुलिस ने फाइल बंद कर दी।

हल्दौर थाना क्षेत्र के गांव अम्हेड़ा-मोहनपुर मार्ग पर 31 मई 2020 में रविवार सुबह कुछ युवक दौड़ लगा रहे थे तो सड़क किनारे एक बोरी पड़ी दिखी। बोरी से बदबू आ रही थी। सूचना पर तत्कालीन सीओ सिटी कुलदीप गुप्ता और थाना प्रभारी निरीक्षक कांतिप्रसाद शर्मा मौके पर पहुंचे थे। बोरी खोलने पर उसमें एक व्यक्ति की लाश मिली। व्यक्ति की चाकू से गोदकर हत्या की गई थी। डाग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम ने जांच की। मृतक की पहचान नहीं होने पर पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया था। पुलिस ने काफी जांच-पड़ताल की। बिजनौर समेत आसपास के जिलों में मृतक की शिनाख्त का प्रयास किया। हत्या का राज सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन कामयाबी नहीं मिल सकी। आखिरकार पुलिस ने जांच की फाइल बंद कर दी। हत्या का राज नहीं खुल सका।

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top