यूपी: बिजली की मांग 25000 मेगावाट पार, गांवों-कस्बों में 40 मिनट तक काटी बिजली

Vishal Dubey
0

उमस बढ़ने के साथ ही राज्य में बिजली की मांग फिर से बढ़ने लगी है। शनिवार की रात को कई दिनों बार बिजली की मांग फिर से 25 हजार मेगावाट पार कर गई। रात नौ बजे 25253 मेगावाट बिजली की मांग दर्ज की गई थी। शुक्रवार की रात को जब बिजली की मांग 24464 मेगावाट थी उस समय ग्रामीण क्षेत्रों और कस्बों में 30 से 40 मिनट तक बिजली काटी गई।

शुक्रवार की रात को 8.37 बजे अधिकतम मांग 24744 हो गई थी। शुक्रवार की रात में बिजली की कमी होने पर गांवों में 37 मिनट, बुंदेलखंड में 30 मिनट, कस्बों में 25 मिनट और तहसील मुख्यालयों पर सात मिनट तक बिजली काटी गई। पावर कॉरपोरेशन की रिपोर्ट के मुताबिक रात 9 बजे राज्य में बिजली की अधिकतम मांग 24464 मेगावाट के सापेक्ष 24272 मेगावाट बिजली ही उपलब्ध थी। इस समय 190 मेगावाट की आपात कटौती करनी पड़ी। अधिकारियों का कहना है कि बारिश होने पर ही बिजली की मांग में कमी आएगी। गर्मी और उमस बढ़ने पर मांग में और इजाफा हो सकता है।

बिजली की बढ़ती मांग ले रही है ट्रांसमिशन क्षमता का इम्तिहान
प्रदेश के तीन करोड़ से अधिक विद्युत उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन का भार करीब 6 करोड़ 60 लाख किलोवाट तक पहुंच गया है। वहीं 132 केवी विद्युत सब स्टेशनों की कुल क्षमता करीब 5 करोड़ 21 लाख किलोवाट है। उपभोक्ताओं के कनेक्शन और सब स्टेशनों की क्षमता के बीच करीब 1.4 करोड़ किलोवाट का अंतर है। कनेक्शनों की भार क्षमता सब स्टेशनों की क्षमता से अधिक है। यही वजह है कि पीक आवर में बिजली की मांग बढ़ने पर उपभोक्ताओं को लो वोल्टेज झेलना पड़ रहा है। सिस्टम पर दबाव बढ़ने पर स्थानीय स्तर पर फाल्ट भी बढ़ रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top