सिद्धार्थनगर:केंद्र सरकार की नई योजना प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व आश्वासन योजना यानि 'सुमन' के जरिये महिलाओं व बच्चों को निश्शुल्क स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराई जाएगी। यह कार्यक्रम मातृ व शिशु मृत्यु दर को कम करने में सहायक बनेगा। जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग कार्यक्रम को लागू करते हुए सफल बनाने के लिए तैयारियों में जुट गया है। प्रथम चरण में छह स्वास्थ्य केंद्र सीएचसी मिठवल, बर्डपुर, जोगिया, इटवा, बेंवा व शोहरतगढ़ में इसकी शुरूआत होगी।राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) राजेश शर्मा ने बताया कि योजना के तहत प्रसव के समय होने वाला सारा खर्च सरकार उठाएगी। इसके साथ ही प्रसव के बाद छह माह तक मां और बच्चे को निश्शुल्क दवा भी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के माध्यम से स्वास्थ्य इकाई पर आने वाली प्रत्येक गर्भवती महिला को सम्मानजनक एवं निश्शुल्क सेवा उपलब्ध कराया जाएगा। योजना के तहत पात्र महिलाओं एवं बच्चों तक लाभ पहुंचाने के कार्य किए जा रहे हैं।
